रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में संबलपुरी के पास चार साल पहले हुए दोहरे हत्याकांड में ओडिशा के पूर्व विधायक व ओडिशा वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के चेयरमैन अनूप कुमार साय को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
चक्ररनगर थाना पुलिस का दावा है कि ग्राम संबलपुरी में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी करीब-करीब सुलझा ली गई है। 7 मई 2016 को हुई इस घटना में संबलपुरी गांव के पास से सड़क पर दो महिलाओं के शव मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या किए जाने की पुष्टि की थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गाड़ी से कुचलने का भी प्रयास किया था।
हत्या के बाद कई महीनों तक मृत महिलाओं की शिनाख्त तक नहीं हो सकी थी। जिससे पुलिस का तनाव बढ़ गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने कोलकाता एवं नागपुर के रेड लाइट एरिया में भी जाकर पड़ताल की थी। जिसके बाद पुलिस को दूसरी अहम जानकारी मिली। पता चला था कि दोनों महिला ब्रजराजनगर ओडिशा की रहने वाली थीं। विवेचना आगे बढ़ी तो मृतिका से ब्रजराजनगर के पूर्व विधायक अनूप कुमार साय का कनेक्शन होने की बात सामने आई।
हालांकि सबूतों के अभाव में पुलिस आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इसी दौरान बुधवार की देर रात एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस ब्रजराजनगर पहुंच गई और पूर्व विधायक अनूप कुमार साय को हिरासत में लेकर आ गई। गुरुवार को दिन भर उनसे इस मामले में कड़ाई के साथ पूछताछ होती रही।
बीजेडी से है संबंध-अनूप कुमार साय पहले कांग्रेस में थे। ओडिशा के ब्रजराजनगर सीट से वे तीन बार कांग्रेस विधायक के रूप में चुने गए। इसके बाद उन्होंने बीजू जनता दल में प्रवेश कर लिया। सीएम नवीन पटनायक के खास माने जाने वाले अनूप साय को ओडिशा सरकार ने वर्तमान में स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के चेयरमैन की कुर्सी दे रखी है। छग पुलिस द्वारा उनको हिरासत में लिए जाने से ओडिशा में भी राजनीति गरमा गई है।