भाजपा मुख्यालय पहुंचे सिंधिया, थोड़ी देर में ज्वाइन करेंगे BJP


नई दिल्ली, एजेंसियां। ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। उनके साथ भाजपा नेता जफर इस्लाम भी हैं। सिंधिया गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की मौजूदगी में भाजपा ज्वाइन करेंगे। इससे पहल  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर भाजपा पर मध्य प्रदेश की सरकार को गिराने का आरोप लगाया है।


वहीं, मंत्री और विधायकों के इस्तीफे के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों को टूट का डर सता रहा है। देर रात भाजपा के 106 विधायकों को भोपाल से दिल्ली ले जाया गया। उधर तोड़-फोड़ की आशंका के चलते कांग्रेस भी अपने विधायकों को विशेष विमान से जयपुर भेज दिया है।


अशोक गहलोत का सिंधिया पर निशाना


ज्योतिरादित्य सिंधिया पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि ऐसे अवसरवादियों को पहले ही पार्टी छोड़ देनी चाहिए थी। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें 18 साल तक अहम पदों पर बैठाया। उन्होंने मौका आन पे मौकापरस्ती दिखाई है। लोग उसे सबक सिखाएंगे।


 


घर से निकले सिंधिया


जफर इस्लाम के साथ भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया। थोड़ी देर में थामेंगे बीजेपी का हाथ।


कांग्रेस ने हटाई सिंधिया की नेम प्लेट


भोपाल कांग्रेस कार्यालय से हटाई गई ज्योतिरादित्य सिंधिया की नेमप्लेट। मंगलवार को सिंधिया ने कांग्रेस से दिया था इस्तीफा।


सिंधिया के घर पहुंचे बीजेपी नेता


ज्योतिरादित्य सिंधिया सिंधिया के घर पहुंचे बीजेपी नेता जफर इस्लाम। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह 2 बजे बीजेपी में शामिल होंगे।


भाजपा में शामिल होने पर सस्पेंस बरकरार


ज्योतिरादित्य सिंधिया के आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर सस्पेंस बना हुआ है। पहले खबर आई थी की सिंधिया दोपहर 12.30 बजे भाजपा मुख्यालय में सदस्यता लेंगे, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब वह 2 बजे बीजेपी में शामिल होंगे।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन


कर्नाटक: बेंगलुरु में प्रेस्टीज गोल्फशेयर के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जहां मध्य प्रदेश के 19 विधायक रुके हुए हैं।


ब्यूना विस्ता रिजॉर्ट में रूक सकते हैं कांग्रेस विधायक


राजस्थान: मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक जयपुर के ब्यूना विस्ता रिजॉर्ट में रूक सकते हैं। कुछ ही देर में कांग्रेस विधायक भोपाल से जयपुर के लिए रवाना होंगे।


जयपुर जा रहे हैं कांग्रेस विधायक


भाजपा के बाद अब कांग्रेस भी विधायकों की टूट के डर से उनकों शिफ्ट कर रहीं है। कांग्रेस विधायक भोपाल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए है। यहां से वो जयपुर के लिए उड़ान भरेंगे।


कमलनाथ से मिलने पहुंचे  दिग्विजय सिंह


मध्य प्रदेश: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने भोपाल स्थित उनके घर पर पहुंचे।


राहुल का मोदी सरकार पर हमला


मध्य प्रदेश के राजनीतिक हालात पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा- आप कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराने में व्यस्त हैं इसलिए वैश्विक स्तर तेल की कीमतों में हुई 35 पर्सेंट की कमी को भूल गए होंगे। क्या आप कृपा करके भारत के लोगों को भी इसका फायदा दे सकते हैं और पेट्रोल की कीमतों को 60 रुपये से नीचे ला सकते हैं? इससे इकोनॉमी को बूस्ट करने में मदद मिलेगी।


राहुल गांधी ने नहीं दिया जवाब


कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर पार्टी छोड़ने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।


विधायकों को वापस लाएंगे


मध्यप्रदेश निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने भोपाल में कहा कि हमारी सरकार बचेगी। सभी स्वतंत्र विधायक हमारे साथ हैं। हम उन विधायकों को वापस लाएंगे जो बेंगलुरु में हैं।


फ्लोर टेस्ट में बहुमत करेंगे साबित 


मध्य प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन बोले कांग्रेस सुरक्षित और मजबूत स्थिति में है। हर कोई मुख्यमंत्री कमलनाथ के संपर्क में है, जल्द ही सबकुछ ठीक होगा। हम विधानसभा में होने वाले फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित करेंगे और 2023 तक सरकार भी चलाएंगे।


विधायकों को गुमराह किया जा रहा


कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने कहा कि हम सदन के पटल पर बहुमत साबित करेंगे। कांग्रेस के सभी विधायक जो बेंगलुरु में हैं, उन्हें गुमराह किया जा रहा है। वे हमारे संपर्क में हैं। यहां तक कि भाजपा के विधायक भी हमारे संपर्क में हैं।


गुरुग्राम के होटल में भाजपा विधायक


भोपाल में भाजपा पार्टी ऑफिस के बाहर से बसों के द्वारा विधायकों को एयरपोर्ट भेजा गया। वहां से सभी को मंगलवार देर रात गुरुग्राम के होटल आईटीसी ग्रैंड भारत में ठहराया गया है। कांग्रेस भी अपने विधायकों को राजस्थान ले जाने की तैयारी में है। बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार हरियाणा में सत्ता में है, जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार राजस्थान में शासन कर रही है।


कांग्रेस ने दो नेताओं को भेजा बेंगलुरू


इस बीच, कमलनाथ अपनी सरकार को बचाने के की कोशिशों में लग गए है। कांग्रेस ने अपने दो नेताओं सज्जन सिंह वर्मा और गोविंद सिंह को बेंगलुरू में मौजूद बागी विधायकों को मनाने के लिए भेजा है। वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद मंगलवार को 22 विधायकों ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले विधायकों में छह मंत्री भी शामिल हैं।


कमलनाथ का दावा


वहीं, मध्य प्रदेश में जारी सियासी ड्रामे के बीच सीएम कमलनाथ ने दावा किया कि उनके पास बहुमत है। कमलनाथ ने मंगलवार शाम कहा, 'घबराने की जरूरत नहीं है, हम बहुमत साबित करेंगे। हमारी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। जिन्हें इन लोगों ने कैद करके रखा है, वे मेरे संपर्क में हैं।'