
किसान आंदोलन ने एक बार फिर भाजपा की मुशकिलें बढ़ा दी हैं। महापंचायत में जुटी किसानों की भारी संख्या ने सभी को चौंका कर रख दिया। राकेश टिकैत के आंसुओं को देखने के बाद हरियाणा और उत्तर प्रदेश के जाट दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। यह भाजपा के लिए चिंता की बात हो सकती है, क्योंकि जाटों का आंदोलन में इस तरह से शामिल होना राजनीतिक नुकसान पहुंचा सकता है। पार्टी इस समुदाय विशेष को अपने समर्थक के रूप में देखती है, लेकिन अब उसे चिंता सता सकती है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि उन्हें डर है कि किसान आंदोलन उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में इसकी संभावनाओं को प्रभावित कर सकते हैं। एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''हम सब कुछ देख रहे हैं। अभी यह कहना भी जल्दी होगी कि हमें जाटों से समस्या होगी। हम सतर्क हैं। हमारा पार्टी के नेताओं और खाप (कबीले) के बुजुर्गों तक पहुंचना जारी है।"
लगभग 2 महीनों से कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बॉर्डरों पर बैठे किसानों का आंदोलन गणतंत्र दिवस के बाद कमजोर पड़ गया। तमाम बॉर्डरों से किसान उठने लगे और वापसी की ओर बढ़ें। लेकिन तस्वीर तब बदल गई जब भारतीय किसान यूनियन के नेता के आंसू पूरे देश ने देखे। उसके बाद लोग भारी मात्रा में वापस दिल्ली बॉर्डरों पर आने लगे।
शुक्रवार को हुई महापंचायत में किसानों की भारी भीड़ देखी गई, दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर भी लोगों का जमावड़ा लगा। शुक्रवार को भी किसानों का आना जारी रहा। विपक्षी दलों जैसे कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक दल और इंडियन नेशनल लोकदल ने उन किसानों को समर्थन दिया जो कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।